एक विडियो करीब सात महिने पहले हमने अपने चिट्ठे पर ‘शायर बेनाम‘ के नाम से लगायाा था। यू-टियूब पर उसे देखकर हम इतने प्रभावित हुए थे कि आप सब को दिखाने के लिए उसे वहाँ से उड़ा लाए थे। शायर/ कवि का नाम मालूम नहीं था सो जानकारों से इस विषय में जानकारी देने को कहा था। कुछ दिन बाद सागर भाई ने बताया कि कवि का नाम डॉ कुमार विश्वास है जो अपनी वाक्-पटुता, विद्वता, और समय-अवसर पर अपनी विराट स्मरण-शक्ति के प्रयोग के कारण कवि-सम्मेलनों में काफी लोकप्रिय है।
आई.आई.टी और कॉरपरेट-जगत के सचेत श्रोता हों अथवा कोटा-मेले में बेतरतीब फैला लाखों का जन समूह , प्रत्येक मंच को अपने संचालन से डॉ कुमार विश्वास इस तरह लयबद्ध कर देते हैं कि पूरा समारोह अपनी संपूर्णता को जीने लगता है। श्रोताओं को अपने जादुई सम्मोहन में लेने का उनका यही अदभुत कौशल, उन्हें समकालीन हिन्दी कवि-सम्मेलनों का सबसे दुलारा कवि बनाता है।
स्व० धर्मवीर भारती ने उन्हें हिन्दी की युवतम पीढ़ी का सर्वाधिक संभावनाशील गीतकार कहा था। महाकवि नीरज जी उनके संचालन को निशा नियामक कहते हैं और प्रसिद्ध हास्य कवि सुरेन्द्र शर्मा के अनुसार वे इस पीढ़ी के एकमात्र ISO 2006 कवि हैं।
इस जानकारी के मिलते ही हमारे हाथों से तोते उड़ गए। ऐसे प्रतिभाशाली जादूगर का माल उड़ाने के जुर्म में हम कोर्ट के नोटिस का इंतज़ार कर ही रहे थे कि एक दिन अपनी ई-मेल की पेटी में डाक्टर विश्वास की चिट्ठी देखी। वे हमारे शहर में आ रहे थे और हमसे मिलना चाहते थे। हम निहाल हो गए। सोचा मक्खन लगा कर मामला पटा लेंगें। कवि तो संवेदनशील होता है, झट मान जाएगा। पर हाय री किस्मत। मेहमान आकर जा चुके थे और हम उन्हें चखाने को ख्याली पुलाव पका रहे थे।
असल में शहर से बाहर होने के कारण हमने अपना मेल बाक्स लगभग बीस दिन बाद खोला था। यानि डाक्टर विश्वास पधारे 23 जनवरी को और हमने उनकी मेल दस फरवरी को देखी। जवाबी मेल लिखने की हिम्मत न जुटा पाए क्योंकि एक तो समान उड़ाया और ऊपर से उनके शहर में आने पर हम अन्डर-ग्राऊन्ड हो गए। क्या मुँह लेकर उनसे चिट्ठीयाते। रोज़ मेल चेक न करने की अपनी बेवकूफी और आलसीपन को हमने जम कर कोसा और कसम खाई कि अब मरे चाहे जीएं पर दिन में दो बार मेल अवश्य चेक करेंगें।
मेल-बाक्स के चक्कर लगाते और वहाँ पर मौजूद कचरे को हटाते बहुत दिन बीते। कई दिन बाद दिमाग की बत्ती जली कि क्यों न विश्वास सहिब के हिस्से का मक्कखन सीधे ऊपर हेड-क्वार्टर में भगवान के पास पहुँचा दें। अल्ला मेहरबान तो मुझ जैसा बंदा भी पहलवान। बस अगली सुबह से रोज़ मन्दिर में असली घी का दीया जलाना शुरू कर दिया, अच्छे चढ़ावे का वायदा किया और तुरत फुरत उसका अंजाम भी देख लिया। बेकार में लोग कहते है कि भगवान के घर में देर है। हमारे मेल-बाक्स में तो भगवन् ने डाक्टर कुमार विश्वास का मेल दो हफ्ते बाद ही टपका दिया था। इस मेल में उन्होंने हमें धन्यवाद दिया था, क्योंकि उनका विडीयों हमने अपने ब्लाग पर लगा कर उन्हें ढेर से प्रशंसकों से आसानी से मिलवा दिया था। यही नहीं, उन्होंने उनकी नई प्रकाशित किताब ‘ कोई दिवाना कहता है‘ मय औटोग्राफ के हमें भेजने की पेशकश भी की थी। लो जी हींग लगी न फिटकरी और रंग जम गया चोखा। तभी कहा जाता है कि वो देता है तो छप्पर फाड़ कर देता है। सब ऊपर वाले की माया है।
परसों कोरियर से किताब हम तक पँहुच गई है। अब जब तक हम उसे पढ़ कर समीक्षा तैयार करते है, आप उचित मात्रा में मक्खन या घी जमा करें, मन्दिर का रुख करें, दीए की लौ ऊँची करें और बोलें–जय कृपानिधान तू बढ़ा बलवान।।










