रत्ना की रसोई

Entries from September 2006

रूप-रंग

September 2, 2006 · 4 Comments

 

सुन्दर साफ़ सफेद रंग

देख नज़र ललचाई

गोरी चमड़ी की चाहत ने

आफत है बरपाई

गोरेपन पर लट्टू होकर

सबहिं रंग-ढंग भूले

उजली रंगत पाने को जल

राख बने है कोयले

कौवे को बगुला करने की

हर ओर मची है होड़

सभी सांवले लुक छिप दौड़े

: हफ्तो की दौड़

साबुन क्रीम कोई रगड़ता

कोई बेसन दूध नहाए

गोरा चलता अकड़ कर

काला बरबस शरमाए

रंगत की बदरी में छुप गई

गुणों की निखरी धूप

इन्सानों की परख बना है

आज उनका रंग-रूप

काले कान्हा काहे कुछ को

दी अपनी सी काया

दूध धुली रूह पर फैलाई

क्यों काली सी छाया

तपती धूप जो सह न पाए

वो क्या साथ निभाएगा

रूप-रंग है चार रोज़ का

सब दिन गुण काम आएगा।।

 

 

Categories: कविता